– वार्ड संख्या 14 से मणीलाल मांजू ने अपनी पत्नी के लिए मांगी टिकट, 2024 में सांचौर कांग्रेस का किया था विरोध
सांचौर.
चुनाव से पहले तक कांग्रेस पार्टी का विरोध करने वाले नेता ही अब पंचायती राज चुनाव आते ही टिकट की मांग करने लग गए हैं। ऐसा ही मामला सांचौर विधानसभा के अंतर्गत आने वाली जिला परिषद की वार्ड संख्या 14 नंबर सीट पर सामने आया है। यहां से कांग्रेस की टिकट के लिए जाखल निवासी मणीलाल मांजू ने अपनी पत्नी विमला विश्नोई के लिए दावेदारी की है। जबकि मणीलाल लंबे समय से कांग्रेस विरोधी गतिविधियां करते आ रहे हैं। मणीलाल ने 2024 में मुख्यमंत्री के नाम लिखे पत्र में कांग्रेस की पिछली सरकार को भ्रष्टाचारी तक बताया था, जबकि इस भाजपा सरकार की तारीफ करते हुए जनहितैषी बताया। उन्होंने 13 जनवरी 2024 को पत्र लिखा था। ऐसे में अब उनके द्वारा टिकट की दावेदारी करते ही साफ विरोध झलक उठा है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बताया कि अगर ऐसे व्यक्ति को पार्टी ने टिकट दिया तो उनका जमकर विरोध करेंगे एवं साथ नहीं देंगे।
यह लिखा था पत्र : कांग्रेस ने पानी नहीं दिया, भाजपा की जनहितैषी सरकार आने पर नहरों में पानी आया

मणीलाल मांजू ने सीएम के नाम से लिखे पत्र में बताया कि नर्मदा नहर की सांचौर लिफ्ट कैनाल की पालड़ी सब माइनर के टेल तक हमारे पिछले पांच साल में कांग्रेस के शासन में कभी पानी सिंचाई के लिए नहीं दिया था। अपनी भाजपा की जनहितैषी सरकार आते ही नहर में पानी छोड़ा और सफाई की मांग की थी। साथ ही उन्होंने उस समय आरोप लगाया कि सांचौर में कांग्रेसियों के बिठाए अधिकारी व बाबुओं में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। क्योंकि 2023 में विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की सरकारी आई थी। ऐसे में जनवरी में कांग्रेस सरकार के समय लगे अधिकारी व बाबूओं को भष्ट्र बताया।
वार्ड 14 में कुल 7 ग्राम पंचायतों के हैं वोटर
वार्ड संख्या 14 सांचौर विधानसभा के अधीन है। जिला परिषद के इस वार्ड में 7 ग्राम पंचायतें आती हैं। जो डेडवा, हरियाली, जाखल, अरणाय, खारा, वोढ़ा व डांगरा शामिल हैं। यहां से सामान्य महिला के लिए सीट आरक्षित है।

